पेंटिंग किया गया बिहार बक्सर मार्ग 6 माह में ही टूटा
वाहन चालकों को आवागमन में हो रही भारी असुविधा
पुनीत संदेश/ संदीप कुमार मिश्र
पाटन उन्नाव। विभागीय अनदेखी के कारण हाल ही में रिनीवल किया गया बिहार बक्सर मार्ग छह महीने के अंदर ही टूटने लगा है। 23 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 17 स्थानों पर पुरानी सड़क पर की गई पेंटिंग उखाड़कर गायब हो गयी है। इसे लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 24 करोङ की लागत से अक्टूबर महीने में बनाया गया था। सड़क टूटने से वाहन चालकों को आवागमन में असुविधा हो रही है।
भारी व हल्के वाहनों के आवागमन को सुलभ बनाने के लिए करोङो की लागत खर्च कर बिहार बक्सर मार्ग का हाल में ही रिनीवल किया गया है। लोक निर्माण विभाग की देखरेख में बनी इस सड़क में कार्यदायी संस्था ने पुरानी सड़क पर नई परत डाल दी थी। नियमों की अनदेखी और मानकों का ध्यान न दिए जाने के कारण महज छह माह के अंदर ही 17 स्थानों पर लंबी दूरी तक नई परत उखड़ गई है। कई स्थानों पर डाली गई परत फटती जा रही है। ऐसे स्थानों पर 3 से 6 इंच सड़क गहरी हो गयी है। जिम्मेदारों की मनमानी वाहन चालकों को भारी पड़ रही है। जबकि इन गड्ढों से बचने के चक्कर में दुर्घटना की संभावनाएं बढ़ गई हैं। क्षेत्रीय निवासी आशू जायसवाल, राजकुमार सिंह, राजेश, राजेन्द्र ठेकेदार समेत अन्य लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराए जाने की मांग शासन व प्रशासन से की है। बता दें कि बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर समेत दर्जनों जनपदों को राजधानी से जोड़ने वाले इस मार्ग पर प्रतिदिन करीब एक हजार से अधिक भारी वाहन और हजारों दोपहिया व चार पहिया वाहनों का आवागमन होता है।
Created On: March 03, 2025