लखनऊ में भूतपूर्व सैनिक जन कल्याण समिति की जिला कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न
पुनीत संदेश/अंकित राठौड़
लखनऊ। भूतपूर्व सैनिक जन कल्याण समिति उत्तर प्रदेश की जनपद कार्यकारिणी, लखनऊ की बैठक 15 मार्च 2026 को प्रातः 11:30 बजे अरावली एनक्लेव, सेक्टर-12, वृंदावन योजना स्थित सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कैप्टन प्रहलाद शर्मा ने की।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष दीनबंधु पांडे उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त प्रदेश सचिव गोकर्ण प्रसाद, प्रदेश समन्वय मंत्री संतोष कुमार सिंह, संरक्षक सांवलिया सिंह, उपाध्यक्ष वशिष्ठ सिंह कुशवाहा, प्रबंध सचिव विनय कुमार सिंह, संगठन मंत्री रामप्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार तथा मीडिया प्रभारी सत्येंद्र कुमार शुक्ला सहित जिला कार्यकारिणी के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत समन्वय मंत्री सुरेश कुमार द्वारा सभी सदस्यों के स्वागत एवं अभिनंदन से हुई। इस अवसर पर उन्होंने नए सदस्यों का परिचय कराते हुए संगठन की शक्ति और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शालीनता और अनुशासन के साथ संगठन के माध्यम से भूतपूर्व सैनिक अपनी व्यक्तिगत समस्याओं को उचित मंच पर रखकर उनका समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने बारी-बारी से अपने विचार व्यक्त किए। कोषाध्यक्ष श्री अनिल कुमार ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सदस्य संख्या बढ़ाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने बताया कि राम मनोहर लोहिया अस्पताल में किसी भी भूतपूर्व सैनिक को आकस्मिक रक्त की आवश्यकता होने पर वे व्यक्तिगत रूप से सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
प्रदेश सचिव गोकर्ण प्रसाद ने अपने संबोधन में सभी सदस्यों से अपने पद के अनुरूप एक-दूसरे की सहायता करने की अपील की। उन्होंने घर, जमीन, नौकरी और साइबर अपराध से संबंधित खतरों से सतर्क रहने के लिए भी जागरूक किया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सदस्य संख्या बढ़ाने तथा अपनी समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुँचाने का आग्रह किया, जिससे उनका समय पर समाधान हो सके।
उन्होंने संगठन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इनमें भूतपूर्व सैनिकों को ग्रुप-बी पदों में 5 प्रतिशत आरक्षण लागू कराने, मैक्स, अपोलो और वेदांत अस्पतालों में बिना रेफरल के आकस्मिक बीमारी में भर्ती की सुविधा जैसी पहल शामिल हैं। साथ ही उन्होंने भूतपूर्व सैनिक एक्ट लागू कराने, विभिन्न स्तरों के चुनाव में समान अवसर, गृहकर और जलकर में छूट, शस्त्र लाइसेंस जारी करने व नवीनीकरण में सुविधा, संघ लोक सेवा आयोग में आयु सीमा में अतिरिक्त तीन वर्ष की छूट तथा विभिन्न विभागों में नियुक्ति के दौरान पे प्रोटेक्शन जैसे मुद्दों पर चल रहे प्रयासों की जानकारी दी।
अंत में प्रदेश अध्यक्ष दीनबंधु पांडे ने अपने समापन संबोधन में संगठन की एकता और शक्ति पर बल देते हुए अधिक से अधिक संपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन की वेबसाइट पर समय से पंजीकरण कराने और सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों को समाज में समान सम्मान मिलना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी बताया कि भूतपूर्व सैनिकों को सचिवालय में सम्मानपूर्वक प्रवेश दिलाने के लिए वे स्वयं प्रयासरत हैं। साथ ही जिला सैनिक बोर्ड में पीसीएस रैंक के अधिकारी की नियुक्ति के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य और जिला स्तर पर सभी समितियां सुव्यवस्थित तरीके से कार्य कर रही हैं और उनका कार्य सराहनीय है।
बैठक अरावली एनक्लेव, स्कोप हॉस्पिटल के सामने आयोजित की गई, जिसमें जिला कार्यकारिणी के संरक्षक सांवलिया सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
Created On: March 15, 2026