चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराए: अखिलेश यादव
भाजपा की कठपुतली की तरह काम न करें चुनाव आयोग
भाजपा सरकार ने रोक दिया आगरा में बन रहे छत्रपति शिवाजी म्यूजियम का काम
पुनीत संदेश
लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी सरकार ने आगरा में छत्रपति शिवा जी के नाम पर सबसे बड़ा म्यूजियम बना रही थी। भाजपा सरकार ने उसे रोक दिया। समाजवादी सरकार 300 करोड़ का म्यूजियम बना रही थी, महाराष्ट्र के लोगों को भी एक हजार करोड़ रूपया देकर मदद करनी चाहिए।
मुम्बई में आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम के बाद प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर एक हजार एकड़ का पार्क छत्रपति शिवाजी के नाम से बनायेंगे।पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर श्री यादव ने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराये। भाजपा की कठपुतली की तरह काम न करें। एसआईआर में देखा गया है कि चुनाव आयोग, भाजपा और प्रशासन एक हो गया था। यह चुनाव लूटने की तिकड़ी थी। एसआईआर में बड़े पैमाने पर धांधली की साजिश हुई। ये सब मिलकर वोट कटवाना चाहते थे। श्री यादव ने कहा कि हम पीड़ित, दुःखी, अपमानित लोगों को एकजुट कर रहे हैं। हमने पीडीए बनाया है। सब लोग मिलकर काम करें। उसी से सम्मान और हक मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज हम समाजवादी लोग मान्यवर कांशीराम जी को याद कर रहे हैं। सपा समय-समय पर सभी पीडीए महापुरूषों को याद करती है। बहुजन समाज को जगाने में कांशीराम जी का बहुत बड़ा योगदान है। कांशीराम जी बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के रास्ते पर चले, लोगों को हक और न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ी। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी के बताए रास्ते और डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों पर चलकर लोगों को जोड़कर आने वाले 2027 के विधान सभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया करेंगे। श्री यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हम ममता बनर्जी जी का समर्थन कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि वे फिर मुख्यमंत्री बने।
Created On: March 15, 2026