बीघापुर में भाजपा ने मनाया केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने का जश्न, संकल्प सभा में गिनाई उपलब्धियां
-सुशासन, विकास और जनकल्याण योजनाओं को बताया सरकार की पहचान
पुनीत संदेश/संदीप कुमार मिश्र
पाटन उन्नाव। विकसित भारत के अमृतकाल के तहत भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर नगर पंचायत बीघापुर के बाबा गोदावलेश्वर धाम में संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखते हुए सुशासन और राष्ट्रहित में किए गए ऐतिहासिक फैसलों को साझा किया।सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में देश ने बुनियादी ढांचे के विकास में लंबी छलांग लगाई है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में 55 हजार किलोमीटर की वृद्धि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 5 लाख किलोमीटर सड़कों का विस्तार और 136 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन इसी का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत दुनिया की 10वीं बड़ी अर्थव्यवस्था था, जो अब 2025 तक चौथे पायदान पर पहुंच गया है।कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक आशुतोष शुक्ला ने सरकार की जनकल्याण योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 55 करोड़ लोग आयुष्मान भारत योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। देश में वर्तमान में 23 एम्स जैसे संस्थान और 2045 मेडिकल कॉलेज कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की दृढ़ विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के तहत ऑपरेशन सिंधूर में एलओसी पार कर 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया, वहीं अनुच्छेद 370 और 35A हटने के बाद जम्मू-कश्मीर को पूरी तरह से संविधानिक ढांचे में शामिल किया गया।विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, शहरी आवास योजना और खाद्यान्न योजना जैसी योजनाओं से 80 प्रतिशत जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।कार्यक्रम को भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेश चंद्र दीक्षित ने भी संबोधित किया। इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी समीर शुक्ला, मंडल अध्यक्ष विनय सैनी, रमा गुप्ता, पूर्व चेयरमैन गोविंद नारायण शुक्ल, विहिप नेता संजय शुक्ला, किसान नेता संजय तिवारी, सुधीर श्रीवास्तव, ओंम बाजपेई, पूर्व सभासद विनोद बाजपेई लाला, रजन्ना मिश्रा,हेमंत द्विवेदी, शत्रुघ्न गुप्ता, अरुण दीक्षित सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
Created On: June 16, 2025